वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एटीएम से नकदी उड़ाने वाला गिरोह गिरफ्तार

 

वाराणसी। कमिश्नरेट की भेलूपुर पुलिस ने एटीएम में तकनीकी तरीके से लोगों के रुपये चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एटीएम के कैश आउटलेट पर लोहे की प्लेट लगाकर रुपये बाहर निकलने से रोक देते थे और ग्राहक के वहां से चले जाने के बाद फंसे हुए रुपये निकालकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 39,800 रुपये नकद, चार लोहे की प्लेटें, एक सफेद टेप तथा एक काले रंग का मोटा कागज बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी फतेहपुर जनपद के निवासी हैं और पिछले कुछ समय से वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने बताया कि हिताची पेमेंट सर्विसेज के चैनल एग्जीक्यूटिव सत्येंद्र शर्मा की शिकायत पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। 23 जुलाई की रात ककरमत्ता स्थित एसबीआई एटीएम में संदिग्ध गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं। प्रारंभिक जांच में कैश मशीन में तकनीकी खराबी की आशंका थी, लेकिन विस्तृत जांच में सामने आया कि रुपये सुनियोजित तरीके से चोरी किए गए थे।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके आधार पर बीएचयू कॉलोनी, बैजनत्था-बिरदोपुर क्षेत्र से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु सिंह, आदर्श कुमार, सचिन कुमार, अभय राजपूत, राजकुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपियों की उम्र 18 से 24 वर्ष के बीच बताई गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम के कैश आउटलेट पर पहले लोहे की प्लेट लगाते थे और उसके ऊपर मोटा कागज व टेप चिपका देते थे। इससे मशीन से निकलने वाला कैश बाहर आने के बजाय प्लेट पर ही फंस जाता था। ग्राहक पैसे न निकलने की आशंका में एटीएम से चला जाता था, जिसके बाद आरोपी प्लेट हटाकर फंसी हुई नकदी निकाल लेते थे। गिरोह मुख्य रूप से रात के समय सुनसान क्षेत्रों में स्थित एटीएम को निशाना बनाता था।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने वाराणसी समेत अन्य जनपदों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।