वाराणसी में ऑनलाइन लूडो के नाम पर 8.14 करोड़ की साइबर ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार; 9 राज्यों तक फैला नेटवर्क

 टेलीग्राम पर ‘NEW LUDO PARIVAR’ ग्रुप बनाकर लोगों को दोगुना मुनाफे का झांसा देते थे आरोपी, सात बैंक खातों से जुड़ी मिलीं 19 साइबर शिकायतें
 
 टेलीग्राम पर ‘NEW LUDO PARIVAR’ ग्रुप बनाकर लोगों को दोगुना मुनाफे का झांसा देते थे आरोपी, सात बैंक खातों से जुड़ी मिलीं 19 साइबर शिकायतें

वाराणसी। ऑनलाइन गेमिंग के जरिए कम समय में दोगुना पैसा कमाने का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का वाराणसी पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर क्राइम सेल और सारनाथ पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में आरोपियों के सात बैंक खातों से देश के नौ राज्यों में दर्ज 19 साइबर अपराध की शिकायतें जुड़ी मिली हैं। इन शिकायतों में कुल 8 करोड़ 14 लाख 63 हजार 918 रुपये 94 पैसे के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को सूचना मिली थी कि सारनाथ थाना क्षेत्र के शिव विहार कॉलोनी, अकथा चौराहे के पास एक तीन मंजिला मकान के प्रथम तल पर किराये के कमरे से ऑनलाइन मनी गेम के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। सूचना के आधार पर साइबर क्राइम सेल और सारनाथ पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

टेलीग्राम ग्रुप के जरिए बिछाते थे ठगी का जाल

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे टेलीग्राम पर ‘NEW LUDO PARIVAR’ नाम से एक ग्रुप संचालित करते थे। इस ग्रुप के माध्यम से लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच दिया जाता था। इसके बाद उन्हें प्रतिबंधित ऑनलाइन लूडो गेम में रकम लगाने के लिए तैयार किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, गेम खेलने वाले लोगों से यूपीआई के जरिए आरोपियों के बैंक खातों में पैसे मंगवाए जाते थे। प्रत्येक बाजी में अपना कमीशन काटने के बाद बाकी रकम का भुगतान किया जाता था। इसी तरीके से ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था।

नौ राज्यों में मिलीं 19 साइबर शिकायतें

गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े सात बैंक खातों की राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर जांच की गई। इसमें उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, बिहार, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, राजस्थान और गुजरात में दर्ज कुल 19 साइबर शिकायतें सामने आईं।

इन खातों से जुड़े मामलों में 8,14,63,918.94 रुपये की साइबर धोखाधड़ी से संबंधित लेनदेन दर्ज मिला। पुलिस के अनुसार, सातों खातों में कुल 1,46,828.98 रुपये की शेष धनराशि मिली है। इस रकम को फ्रीज या होल्ड कराने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सेठ (27), मंगल कुमार (34) और सुदीप कश्यप (28) के रूप में की है। तीनों वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र स्थित शिव विहार कॉलोनी और पहड़िया के निवासी हैं।

चार मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें नथिंग फोन-2, वीवो 1951, वनप्लस नॉर्ड-5 और वीवो Y33T शामिल हैं। पुलिस इन मोबाइल फोन की मदद से गिरोह की गतिविधियों और लेनदेन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

BNS और ऑनलाइन गेमिंग कानून के तहत मुकदमा

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सारनाथ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2), 318(4) और ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन एवं विनियमन अधिनियम, 2025 की धारा 9(1) व 9(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त साइबर अपराध नीतू कादयान के पर्यवेक्षण में की गई। संयुक्त टीम में साइबर क्राइम सेल और सारनाथ थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।