Varanasi News: नगर निगम वाराणसी ने सम्पत्तिकर पर दी छूट, 15 जुलाई तक मिलेगा लाभ

 
 

वाराणसी। नगर निगम वाराणसी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भवन स्वामियों को सम्पत्तिकर जमा करने पर विशेष छूट देने की घोषणा की है। नगर निगम के अभिलेखों के अनुसार वर्तमान में शहर में लगभग 2.33 लाख भवन दर्ज हैं।

 

नगर निगम के अनुसार, यदि भवन स्वामी गृहकर, जलकर और सीवरकर का सम्पूर्ण भुगतान एकमुश्त नगद या चेक के माध्यम से करते हैं तो वर्तमान कर पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं, ऑनलाइन माध्यम से एकमुश्त सम्पूर्ण कर जमा करने पर 12 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा।

 

भवन स्वामी नगर निगम वाराणसी की वेबसाइट [www.nnvns.org.in](http://www.nnvns.org.in) के माध्यम से ऑनलाइन कर जमा कर सकते हैं।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जिन भवन स्वामियों ने इस वित्तीय वर्ष में पहले ही सम्पत्तिकर जमा कर दिया है, उन्हें अगले वित्तीय वर्ष में छूट की धनराशि का समायोजन कर लाभ दिया जाएगा।

नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार 27 अप्रैल 2026 से 06 मई 2026 तक कुल 4,325 भवन स्वामियों ने लगभग 1.98 करोड़ रुपये का सम्पत्तिकर जमा किया है।

सम्पत्तिकर पर यह विशेष छूट 08 मई 2026 से 15 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी।

इसके अलावा दृष्टिहीन तथा 80 प्रतिशत दिव्यांग भवन स्वामियों, जिनके नाम पर भवन दर्ज है, को 100 प्रतिशत सम्पत्तिकर छूट दी जाएगी। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी, वाराणसी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र संबंधित जोनल कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।

नगर निगम ने सभी भवन स्वामियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना सम्पत्तिकर जमा कर उपलब्ध छूट का लाभ उठाएं।