Varanasi News: काशी विश्वनाथ धाम में अभद्रता और धनराशि छीने जाने के आरोपों पर मंदिर न्यास का बड़ा बयान

काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने वायरल वीडियो और अभद्रता के आरोपों पर स्पष्टीकरण जारी किया। सीसीटीवी जांच में गेट नंबर-04 पर नियम उल्लंघन की बात सामने आई।
 
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे एक वीडियो एवं उससे जुड़े आरोपों को लेकर आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। न्यास प्रशासन ने कहा है कि कुछ अधिवक्ताओं द्वारा यह आरोप लगाया गया था कि काशीवासियों के लिए निर्धारित प्रातःकालीन दर्शन के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धनराशि छीने जाने की घटना हुई।

मंदिर न्यास के अनुसार वायरल वीडियो और संबंधित बयानों की गंभीरता से जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि वीडियो किस स्थान का है। उपलब्ध फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर घटना की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है।

सीसीटीवी फुटेज की हुई जांच

मंदिर प्रशासन ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए धाम परिसर के सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की गई। जांच के दौरान गेट संख्या-04 पर एक व्यक्ति द्वारा दर्शन व्यवस्था और कतार नियमों का उल्लंघन किए जाने की जानकारी सामने आई है।

हालांकि, मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में दिखाई गई घटना की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने कहा है कि यदि जांच के बाद कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार विधिक और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी दोहराया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

श्रद्धालुओं से की गई अपील

मंदिर प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट वीडियो या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं को ही सही मानें।