Varanasi News: हीट वेव से निपटने के लिए एसएसपीजी मंडलीय चिकित्सालय अलर्ट

 

मरीजों के लिए शीतल पेयजल, कोल्ड रूम, ORS काउंटर और अतिरिक्त डॉक्टरों की तैनाती

वाराणसी। बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए एसएसपीजी मंडलीय चिकित्सालय प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। अस्पताल परिसर में शुद्ध शीतल पेयजल, शेड, व्हीलचेयर, स्ट्रेचर, ओआरएस काउंटर और विशेष कोल्ड रूम जैसी व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गई हैं।

 

अस्पताल प्रशासन के अनुसार परिसर के विभिन्न हिस्सों ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी, रैन बसेरा और ब्लड बैंक सहित अन्य स्थानों पर 14 वाटर कूलर लगाए गए हैं, जो पूरी तरह क्रियाशील हैं। इसके अलावा 9 कैंट आरओ सिस्टम भी विभिन्न विभागों में संचालित हैं, जिससे मरीजों और तीमारदारों को लगातार ठंडा और स्वच्छ पानी उपलब्ध हो रहा है।

 

 

हीट वेव और चिलचिलाती धूप से बचाव के लिए अस्पताल परिसर में पर्याप्त शेड लगाए गए हैं ताकि मरीजों, परिजनों और कर्मचारियों को आने-जाने में परेशानी न हो। वहीं ओपीडी और इमरजेंसी क्षेत्र में नए सीटिंग एरिया भी तैयार किए गए हैं।

 

मरीजों की सुविधा को देखते हुए अस्पताल के इमरजेंसी, ओपीडी और वार्डों में पर्याप्त मात्रा में स्ट्रेचर और व्हीलचेयर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त कमरा नंबर 09 में अलग से स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है, जहां पूछताछ केंद्र भी बनाया गया है।

अस्पताल में एक हेल्प डेस्क काउंटर भी स्थापित किया गया है, जहां कर्मचारी मरीजों और उनके परिजनों को इलाज और अस्पताल की सुविधाओं से संबंधित जानकारी दे रहे हैं तथा जरूरत पड़ने पर मरीजों को चिकित्सकों तक पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं।

इमरजेंसी विभाग में ओआरएस काउंटर स्थापित किया गया है, जहां जरूरतमंद मरीजों को ओआरएस घोल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही वार्डों में भी पर्याप्त मात्रा में ओआरएसपाउडर उपलब्ध रखा गया है।

हीट वेव से गंभीर रूप से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल में विशेष कोल्ड रूम बनाया गया है। यहां कोल्ड वाटर बाथ टब, आइस पैक, मल्टीपैरा मॉनिटर, रेक्टल थर्मामीटर, दवाइयों और अन्य जरूरी लॉजिस्टिक की व्यवस्था की गई है।

बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी में प्रत्येक शिफ्ट में 4 अतिरिक्त डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की है ताकि मरीजों को त्वरित इलाज मिल सके।