Varanasi News: घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, पुलिस ने जारी किए कड़े निर्देश

गंगा में नौका विहार के नियम हुए सख्त, बिना लाइफ जैकेट कार्रवाई तय
 
 

गंगा घाटों पर सुरक्षा को लेकर सख्त हुई वाराणसी पुलिस, बिना लाइफ जैकेट नाव संचालन पर होगी कार्रवाई

वाराणसी। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं नोडल जल पुलिस के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली तथा जल पुलिस की संयुक्त टीम ने गंगा नदी के विभिन्न घाटों का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया। विशेष रूप से उन लोगों को चेतावनी दी गई जो निर्धारित जेटी एवं सुरक्षित क्षेत्रों से बाहर जाकर स्नान कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में स्नान करना दुर्घटना का कारण बन सकता है।

अभियान के तहत गंगा नदी में संचालित नावों की भी सघन जांच की गई। बिना लाइफ जैकेट के नाव संचालन करने वाले नाविकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी नाव संचालकों को प्रत्येक यात्री को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों के अनुरूप ही नाव संचालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं नोडल जल पुलिस ने जल पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को घाटों और नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

वाराणसी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि गंगा स्नान और नौका विहार के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करें।