Varanasi News: ‘नो फ्यूल डे’ पर पैदल पहुंचे मेयर, ई-स्कूटी से आए नगर आयुक्त; ईंधन बचत का दिया संदेश

 वाराणसी नगर निगम में ‘नो फ्यूल डे’ के तहत मेयर अशोक तिवारी पैदल और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ई-स्कूटी से कार्यालय पहुंचे। पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
 
 वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम वाराणसी में शनिवार को ‘नो फ्यूल डे’ मनाया गया। इस दौरान मेयर अशोक तिवारी, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल समेत नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों का प्रयोग नहीं किया और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

शनिवार सुबह मेयर अशोक तिवारी पैदल ही नगर निगम कार्यालय पहुंचे। भीषण गर्मी और धूप से बचने के लिए उन्होंने छाते का सहारा लिया। वहीं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ई-स्कूटी से कार्यालय पहुंचे। इसके अलावा कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने ई-रिक्शा तथा साझा वाहनों का उपयोग कर ईंधन बचत की पहल में भागीदारी निभाई।

मेयर अशोक तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से ईंधन की खपत कम करने और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की गई है। उसी क्रम में नगर निगम ने यह अभियान शुरू किया है, ताकि आमजन भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित हो सकें। उन्होंने कहा कि यदि सप्ताह में एक दिन भी लोग निजी वाहनों का प्रयोग कम करें तो प्रदूषण में कमी आने के साथ-साथ ईंधन की बड़ी बचत हो सकती है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नगर निगम प्रशासन ने निर्णय लिया है कि अब प्रत्येक शनिवार को ‘नो फ्यूल डे’ मनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन, ई-वाहन और वाहन शेयरिंग को अपनाने की अपील की।

इधर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन ने भी ऊर्जा संरक्षण को लेकर बड़ा कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने शिक्षकों की विदेश यात्राओं पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। साथ ही विभागाध्यक्षों, संकाय प्रमुखों और निदेशकों से छह माह तक स्टडी टूर स्थगित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों से डीजल-पेट्रोल वाहनों का कम उपयोग करने और वाहन शेयरिंग अपनाने की अपील की है। कुलपति ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।