Varanasi News: छात्राओं को सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां, नए हेल्पलाइन नंबर की दी गई जानकारी
वाराणसी। मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को वाराणसी के मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज लल्लापुरा और वनिता इंटरमीडिएट कॉलेज चेतगंज में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘बेटियां हैं देश की शान, उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य का रखें पूरा ध्यान’ रहा। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना झिझक मदद लेने की अपील की।
जागरूकता से अपराध से बचाव संभव
अपर पुलिस उपायुक्त, जोन काशी वैभव बंगर ने छात्राओं को महिलाओं और बच्चों से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता किसी भी तरह के अपराध से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर देते हुए उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित योजनाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में भी बताया।
छात्राओं को बताए गए जरूरी हेल्पलाइन नंबर
कार्यशाला के दौरान छात्राओं को अलग-अलग परिस्थितियों में मदद लेने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और विमेन पावर हेल्पलाइन 1090 प्रमुख रहे।
इसके साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930, स्वास्थ्य सेवा के लिए 102 और एंबुलेंस सेवा के लिए 108 की जानकारी भी दी गई।
इन हेल्पलाइन नंबरों की भी दी जानकारी
1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन
181 — महिला हेल्पलाइन
14567 — वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन
9670705555 — वाराणसी कमिश्नरेट का जारी नया हेल्पलाइन नंबर
किसी परेशानी में तुरंत लें मदद
अधिकारियों ने छात्राओं से कहा कि किसी भी तरह की परेशानी, उत्पीड़न या आपात स्थिति में चुप रहने के बजाय तुरंत पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें। छात्राओं को यह भी बताया गया कि समय पर सूचना देने से किसी अप्रिय घटना को रोकने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
छात्राओं ने पूछे सुरक्षा से जुड़े सवाल
कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने सुरक्षा, अधिकारों और स्वावलंबन से जुड़े कई सवाल भी पूछे। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एसीपी चेतगंज शुभम कुमार सिंह और सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सरकारी सेवाओं और हेल्पलाइन का इस्तेमाल करने की जानकारी दी।