Varanasi News: काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा और जनसुविधाओं का व्यापक निरीक्षण

 
 

वाराणसी। आगामी श्रावण मास, विभिन्न पर्व-त्योहारों एवं श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए शुक्रवार को काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र में सुरक्षा एवं जनसुविधाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में अपर निदेशक आईबी विनीता शर्मा, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल तथा अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) तरुण गाबा शामिल रहे।

अधिकारियों ने धाम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश नियंत्रण प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन सिस्टम, कंट्रोल रूम और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध जनसुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इसके बाद मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में धाम क्षेत्र की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों पर रूफटॉप ड्यूटी बढ़ाने, अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, भैरव गेट पर आधुनिक स्लाइडिंग गेट स्थापित करने तथा द्वार संख्या-04 के निकट वैकल्पिक मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया और बैरिकेडिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि श्रावण मास में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जनसुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता होगी। इसके तहत पेयजल, शौचालय, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, कैनोपी और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिल सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और धार्मिक आयोजनों का संचालन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।