Varanasi News: चेतगंज पुलिस का एक्शन मोड, इंस्पेक्टर विजय शुक्ला की सख्ती से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप
वाराणसी। शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर चेतगंज पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त कर अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा कर दुकान लगाने वालों और यातायात बाधित करने वालों को तत्काल हटाया गया। पुलिस की सख्ती देखते ही कई अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और लोग आनन-फानन में अपना सामान समेटते नजर आए।
इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने साफ शब्दों में कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कर आम जनता को परेशानी में डालने वालों के खिलाफ अब कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस टीम ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण कर दुकानदारों और आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील भी की। अभियान के दौरान पानदरीबा चौकी इंचार्ज विकास मिश्रा, चेतगंज चौकी इंचार्ज वैभव शुक्ला, एसआई प्रमोद कुशवाहा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लगातार चलने वाले ऐसे अभियानों से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।