पूर्वांचल को मिलने वाला है बड़ा मेडिकल कॉलेज! मंडलायुक्त ने मौके पर पहुंचकर जांची तैयारियां, दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। पूर्वांचल में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परियोजना का शुक्रवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने 198 बेड वाले आधुनिक अस्पताल भवन सहित विभिन्न परियोजनाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं बल्कि पूर्वांचल की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है।
मंडलायुक्त ने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि भवनों को ब्लॉकवार तैयार किया जाए ताकि सुविधाओं का संचालन चरणबद्ध रूप से शुरू किया जा सके। उन्होंने निर्माण सामग्री की नियमित जांच कराने और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर के पूर्वी हिस्से में स्थित संकरे मार्ग को चौड़ा करने का प्रस्ताव तैयार करने तथा ट्रामा सेंटर मार्ग की मरम्मत और समतलीकरण कराने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा मानसिक चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन गर्ल्स हॉस्टल का भी निरीक्षण किया गया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई शुरू कराने के लिए सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से पूर्वांचल के लाखों मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी, वहीं मेडिकल छात्रों को आधुनिक शिक्षा और प्रशिक्षण का अवसर प्राप्त होगा।
निरीक्षण के दौरान दमानी ग्रुप की चेयरमैन शर्मिला पई, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कौशल कुमार सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।