वाराणसी में आधी रात पुलिस का एक्शन! छात्रा से छेड़खानी का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

काशी विद्यापीठ की छात्रा ने की थी शिकायत, मेडिकल के लिए ले जाते समय पुलिस हिरासत से भागने और पिस्टल छीनकर फायरिंग करने का आरोप

 
काशी विद्यापीठ की छात्रा ने की थी शिकायत, मेडिकल के लिए ले जाते समय पुलिस हिरासत से भागने और पिस्टल छीनकर फायरिंग करने का आरोप

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की छात्रा से ऑटो में छेड़खानी के मामले में फरार चल रहे आरोपी चालक को लंका पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

अस्सी नाला, रविंद्रपुरी के पास हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आरोपी की पहचान मैनुद्दीन के रूप में हुई है।

 

पुलिस के अनुसार, पीड़िता काशी विद्यापीठ की छात्रा है। सोमवार सुबह वह ऑटो से कहीं जा रही थी। इसी दौरान ऑटो चालक मैनुद्दीन पर उसके साथ छेड़खानी करने का आरोप है। छात्रा की शिकायत मिलने के बाद लंका थाने की पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

 

पुलिस को मुखबिर के माध्यम से आरोपी के बारे में सूचना मिली। इसके बाद टीम ने अस्सी नाला और रविंद्रपुरी के पास उसकी घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने फैंटम दस्ते की हिरासत से भागने का प्रयास किया और पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी।

 

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

 

पुलिस के मुताबिक, मैनुद्दीन मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का निवासी है और वर्तमान में मिर्जापुर जिले के चुनार क्षेत्र में रह रहा था। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त कार्रवाई

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि विद्यापीठ की छात्रा से छेड़खानी के आरोपी को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है।