ज्वेलरी एग्जीबिशन पर बनारस के सर्राफा व्यापारियों का विरोध, पांच साल के आयोजनों की जांच की मांग
वाराणसी। बनारस में आयोजित हो रही ज्वेलरी एग्जीबिशन को लेकर स्थानीय सर्राफा व्यापारियों और पारंपरिक कारीगरों ने विरोध जताया है। व्यापारियों ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से पिछले पांच वर्षों के दौरान वाराणसी समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित ज्वेलरी एग्जीबिशनों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बड़े आयोजनों में कंपनियों और मशीनों से तैयार आभूषणों को अधिक अवसर मिल रहा है, जबकि स्थानीय दुकानदारों और हाथ से आभूषण बनाने वाले पारंपरिक कारीगरों को अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल पा रही है।
उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ, संत नरहरी सेना और काशी सर्राफा मंडल से जुड़े व्यापारियों का कहना है कि उनका विरोध किसी व्यक्ति, कंपनी या संस्था विशेष के खिलाफ नहीं है। उनकी चिंता स्थानीय सर्राफा कारोबार और उससे जुड़े हजारों परिवारों की आजीविका को लेकर है। व्यापारियों के मुताबिक, बनारस की पारंपरिक आभूषण निर्माण कला की अपनी अलग पहचान है। ऐसे में बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों में स्थानीय कारोबारियों और कारीगरों को उचित स्थान मिलना चाहिए।
पांच साल के आयोजनों का रिकॉर्ड खंगालने की मांग
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि पिछले पांच वर्षों में आयोजित ज्वेलरी एग्जीबिशनों के आयोजकों, प्रतिभागी कंपनियों और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराई जाए। इसमें यह पता लगाया जाए कि आयोजनों की अनुमति किस विभाग से ली गई थी और आयोजकों ने आवश्यक पंजीकरण एवं वैधानिक औपचारिकताओं का पालन किया या नहीं।
इसके अलावा B2B के नाम पर होने वाली गतिविधियों, वास्तविक बिक्री, GST, बिलिंग, स्टॉक और लेन-देन से जुड़े अभिलेखों की भी जांच कराने की मांग की गई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित आयोजकों और संस्थाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
मेकिंग चार्ज के विज्ञापनों पर भी उठाए सवाल
स्थानीय सर्राफा कारोबारियों ने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कुछ शोरूमों की ओर से 3 प्रतिशत और 0 प्रतिशत मेकिंग चार्ज जैसे दावों के साथ किए जा रहे प्रचार पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ग्राहकों को केवल आकर्षक ऑफर बताना पर्याप्त नहीं है। उत्पाद की वास्तविक कीमत, अन्य शुल्क, मेकिंग चार्ज की शर्तें और बिलिंग की जानकारी भी स्पष्ट होनी चाहिए।
व्यापारियों ने उपभोक्ता संरक्षण और कर विभाग से ऐसे विज्ञापनों तथा बिक्री प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है, ताकि ग्राहकों को अधूरी या भ्रामक जानकारी के आधार पर खरीदारी के लिए प्रेरित न किया जा सके।
कारीगरों की रोजी-रोटी पर असर की चिंता
व्यापारियों का कहना है कि बनारस की पहचान उसकी पारंपरिक कला और हस्तकला से भी जुड़ी है। यहां पीढ़ियों से कारीगर हाथों से आभूषण तैयार करते आ रहे हैं। स्थानीय बाजार में कारोबार प्रभावित होने का असर केवल दुकानदारों पर नहीं, बल्कि इन कारीगरों और उनसे जुड़े परिवारों पर भी पड़ता है।
उन्होंने मांग की है कि ज्वेलरी एग्जीबिशन से जुड़े प्रशासनिक विचार-विमर्श में स्थानीय सर्राफा व्यापारियों और पारंपरिक कारीगरों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। साथ ही स्थानीय व्यापार और पारंपरिक हस्तकला को संरक्षण देने के लिए पारदर्शी नीति बनाई जाए।
प्रशासन से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
व्यापारियों ने वाराणसी में आयोजित होने वाली अनियंत्रित ज्वेलरी एग्जीबिशनों पर रोक लगाने, पुराने आयोजनों की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग रखी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया तो व्यापारी और कारीगर संवैधानिक दायरे में शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे।
इस मांग को लेकर उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ, संत नरहरी सेना और काशी सर्राफा मंडल से जुड़े प्रतिनिधियों ने एकजुटता जताई है। व्यापारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी का कारोबार बंद कराना नहीं, बल्कि प्रतिस्पर्धा में समान अवसर और स्थानीय कारीगरों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित कराना है।