अवैध शराब की बिक्री पर पुलिस का छापा, 43 शीशी अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के जलालीपुरा मोहल्ले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अंग्रेजी शराब और बीयर की कुल 43 शीशियां बरामद हुई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 8,240 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जलालीपुरा स्थित पीपल के पेड़ के नीचे एक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विमल मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को देखकर एक युवक पीले रंग का झोला लेकर कज्जाकपुरा की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके झोले से प्लास्टिक और कांच की कुल 43 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब एवं बीयर बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अभिषेक जायसवाल (24 वर्ष) निवासी तेलियाना (हनुमान फाटक), वाराणसी के रूप में बताई।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध शराब कहां से लाता था और किन लोगों तक उसकी आपूर्ति करता था। मामले में आगे की जांच जारी है।