वाराणसी में 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर ने की आत्महत्या, घर में फंदे से लटका मिला शव

Varanasi History Sheeter Anil Yadav Suicide: वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर और पूर्व में 50 हजार के इनामी रहे अनिल यादव उर्फ पट्टी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हत्या और लूट समेत 24 से अधिक मुकदमों का आरोपी रहा अनिल कुछ महीने पहले जेल से रिहा हुआ था।
 

वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और पूर्व में 50 हजार रुपये के इनामी रहे अनिल यादव उर्फ पट्टी ने रविवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, औरंगाबाद क्षेत्र निवासी अनिल यादव शनिवार देर रात शराब के नशे में घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद वह अपने कमरे में चला गया और फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

हत्या, लूट समेत कई गंभीर मामलों में था आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अनिल यादव उर्फ पट्टी के खिलाफ लक्सा, दशाश्वमेध, सिगरा, शिवपुर सहित विभिन्न थानों में हत्या, लूट, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर के रूप में दर्ज था।

अनिल यादव का नाम शहर के चर्चित आपराधिक मामलों में भी सामने आ चुका था। वह गाजीपुर निवासी विद्यापीठ के छात्र की सिद्धगिरीबाग क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में भी आरोपी रह चुका था। उसके खिलाफ पूर्व में 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

कुछ महीने पहले जेल से हुआ था रिहा

जानकारी के अनुसार, अनिल यादव कुछ माह पहले ही जेल से रिहा होकर घर लौटा था। रिहाई के बाद वह अपने परिवार के साथ रह रहा था। हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घरेलू विवाद की आशंका

लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना से पहले पति-पत्नी के बीच कहासुनी की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।