वाराणसी को मिला नया सीएमओ, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर रहेगा विशेष फोकस

डॉ. मुकेश कुमार ने संभाली वाराणसी सीएमओ की कमान, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का दिया भरोसा

 
 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर डॉ. मुकेश कुमार ने मंगलवार को जनपद वाराणसी के नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

नवनियुक्त सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जनपद के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, संचारी रोगों की रोकथाम तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

डॉ. कुमार ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा की जाएगी। स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं तथा चिकित्सकीय सेवाओं की निगरानी को और मजबूत किया जाएगा, जिससे आमजन को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें।

कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया तथा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

डॉ. मुकेश कुमार ने कहा, "जनहित सर्वोपरि है। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करते हुए प्रत्येक नागरिक तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।"