5 हजार रुपये के लिए चली गोलियां! वाराणसी में युवक पर जानलेवा हमला, फायरिंग से मची दहशत
वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बकाया रकम मांगने को लेकर कुछ युवकों ने एक युवक पर हमला कर दिया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अनीस कुमार गौतम के अनुसार, वह देर रात पहड़िया मंडी स्थित अपने आवास के पास चाय की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवक बाइक से पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद बढ़ने पर एक युवक ने असलहा निकालकर दो राउंड फायरिंग कर दी।
अनीस का दावा है कि उसने साहस दिखाते हुए हमलावर का विरोध किया, जिससे आरोपी के हाथ से हथियार गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
उधर, पुलिस ने बरामद हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हाल के दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में हवाई फायरिंग और हथियार प्रदर्शन की घटनाओं के वीडियो भी सामने आए हैं, जिससे पुलिस की चुनौतियां बढ़ गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।