वाराणसी में फायरिंग मामले का 25 हजार का इनामी आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार, छह महीने से था फरार

वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में मई 2026 में हुई फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में छह महीने से फरार 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवा सिंह को पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया।
 

वाराणसी। घर के बाहर खड़े व्यक्ति पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने के मामले में छह महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सिगरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लखनऊ निवासी शिवा सिंह उर्फ शिवम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 1 नवंबर को लखनऊ के गंगानगर, अमौसी स्थित प्रेम शिवकला लॉन से गिरफ्तार किया। वह सिगरा थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित था।

 

पुलिस के अनुसार, यह घटना 4 मई 2026 की है। पीड़ित ने सिगरा थाने में दी गई तहरीर में बताया था कि वह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान सिल्वर-सफेद रंग की ऑल्टो कार से कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि कार में पहले से घात लगाकर बैठे लोगों में से एक व्यक्ति नीचे उतरा और पीड़ित पर फायरिंग कर दी। इस दौरान गाली-गलौज भी की गई। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सिगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0165/26 दर्ज किया गया।

 

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5) और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपी श्रोत श्रीवास्तव पुत्र स्वर्गीय अनूप कुमार श्रीवास्तव निवासी जौनपुर को 6 मई 2026 को गिरफ्तार किया था। हालांकि, मुख्य आरोपी शिवा सिंह गिरफ्तारी से बच रहा था।

पुलिस के मुताबिक, शिवा सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। करीब छह महीने से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार लखनऊ में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद सिगरा पुलिस की ओर से उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सिगरा पुलिस की टीम ने की गिरफ्तारी

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, नगर निगम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम, महिला उपनिरीक्षक डाली साहू, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह और कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह शामिल रहे।