Varanasi News: चोखे में आलू को लेकर शुरू हुआ विवाद, रेस्टोरेंट में जमकर मारपीट! युवक का टूटा दांत...

 
 

वाराणसी। शहर के दुर्गाकुंड स्थित एक प्रसिद्ध रेस्टोरेंट में भोजन के दौरान चोखे में आलू के बड़े टुकड़े को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका एक दांत भी टूट गया। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कपसेठी थाना क्षेत्र के बरखी गांव निवासी आनंद सिंह अपने साथियों के साथ दुर्गाकुंड स्थित बाटी-चोखा रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचे थे। भोजन के दौरान परोसे गए चोखे में आलू के बड़े टुकड़े को लेकर उन्होंने रेस्टोरेंट कर्मचारियों से आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और रेस्टोरेंट परिसर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि रेस्टोरेंट कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच हुई झड़प में लाठी-डंडे भी चले।

इस घटना में मिर्जामुराद क्षेत्र के मिल्कीपुर निवासी शिवम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सीने में चोट आई है और मारपीट के दौरान उनका एक दांत भी टूट गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित पक्ष ने रेस्टोरेंट स्टाफ पर हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

भेलूपुर थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।