वाराणसी में रक्तदान का नया रिकॉर्ड, योगी के जन्मदिवस पर 440 यूनिट रक्तदान

वाराणसी में रक्तदान का नया रिकॉर्ड, योगी के जन्मदिवस पर 440 यूनिट रक्तदान
 
मुख्यमंत्री योगी के जन्मदिवस पर वाराणसी में भव्य रक्तदान शिविर, 440 यूनिट रक्तदान

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजकीय महिला जिला चिकित्सालय (एमसीएच विंग), कबीरचौरा में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदू युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 440 यूनिट रक्तदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Dayashankar Mishra Dayalu ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित यह शिविर समाज में सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा कर सकता है।

विशिष्ट अतिथि पातालपुरी मठ के महंत बालकनाथ जी महाराज ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। वहीं भाजपा महानगर अध्यक्ष Pradeep Agrahari ने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

शिविर के संयोजक एवं हिंदू युवा वाहिनी वाराणसी मंडल प्रभारी Ambrish Singh Bhola ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजहित के ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिविर में हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा 12 मंडल इकाइयों के कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। रक्तदान महोत्सव को लेकर पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा।