जनता की समस्याओं पर वाराणसी डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

 

वाराणसी। जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित जनता दर्शन अवधि में अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहें तथा आमजन की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचता है। ऐसे में अधिकारियों का दायित्व है कि वे शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण कर जनता का विश्वास मजबूत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाई जाए तथा जांच से जुड़े मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को समयबद्ध न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।