वाराणसी मंडल का सघन टिकट जांच अभियान, 83 बेटिकट यात्री पकड़े गए, ₹48,035 जुर्माना वसूला
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए विशेष टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को मऊ- इन्दारा तथा इन्दारा-दोहरीघाट रेलखंड पर चलाए गए सघन अभियान के दौरान 83 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे रेलवे ने ₹48,035 का राजस्व वसूला।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत गाड़ी संख्या 65107 भटनी- वाराणसी सिटी, 15104 बनारस- गोरखपुर एक्सप्रेस, 14006 आनंद विहार- सीतामढ़ी एक्सप्रेस सहित कई मेल एवं पैसेंजर ट्रेनों में टिकटों की गहन जांच की गई। इसके अलावा इन्दारा-दोहरीघाट रेलखंड पर गाड़ी संख्या 65121 दोहरीघाट- वाराणसी सिटी पैसेंजर ट्रेन में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मऊ अखिलेश सिंह एवं मुख्य टिकट निरीक्षक राम प्रभाव यादव के नेतृत्व में आयोजित इस संयुक्त अभियान में रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस, वाराणसी रेड टीम और आईसीपी मऊ के कुल 22 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान 83 यात्रियों को बिना वैध टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिनसे कुल ₹48,035 का जुर्माना वसूल किया गया।
अभियान के दौरान संबंधित रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं, जिसे रेलवे ने वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत बताया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध यात्रा टिकट लेकर ही यात्रा करें, रेलवे नियमों का पालन करें तथा रेलवे परिसरों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग दें।