देव दीपावली पर गंगा में रहेगी NDRF की कड़ी निगरानी, 9 टीमें आधुनिक उपकरणों के साथ संभालेंगी मोर्चा

वाराणसी में देव दीपावली पर गंगा की सुरक्षा के लिए NDRF की 9 टीमें तैनात रहेंगी। आधुनिक उपकरण, मोटरबोट, डीप डाइवर्स और मेडिकल टीम के साथ घाटों पर होगी निगरानी।
 

वाराणसी। देव दीपावली-2026 पर काशी के गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है।

र्घटना या आपात स्थिति से निपटने के लिए 11वीं वाहिनी NDRF की नौ टीमें प्रमुख घाटों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगी। ये टीमें आधुनिक बचाव उपकरणों, मोटरबोट और मेडिकल टीम के साथ लगातार पेट्रोलिंग करेंगी।

 

11वीं वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट के निर्देशन में यह व्यवस्था की गई है। NDRF की टीमें नमो घाट, गायघाट, सिंधिया घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, चौसट्टी घाट, हनुमान घाट, दशाश्वमेध घाट, तुलसी घाट और सामने घाट सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर मोर्चा संभालेंगी।

 

गहरे पानी में बचाव के लिए तैनात रहेंगे प्रशिक्षित गोताखोर

सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित बचावकर्मियों के साथ गहरे पानी में उतरकर रेस्क्यू करने वाले कुशल डीप डाइवर्स भी शामिल रहेंगे। टीमों के पास आधुनिक बचाव उपकरण, मोटरबोट और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं से लैस मेडिकल टीम उपलब्ध रहेगी। गंगा में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग के जरिए किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया जाएगा।

प्रशासन और जल पुलिस के साथ रहेगा समन्वय

देव दीपावली के दौरान NDRF की टीमें जिला प्रशासन, पुलिस, जल पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगी। घाटों पर भीड़ और गंगा में नावों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहेंगी, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति में समय रहते कार्रवाई की जा सके।

नाव में लाइफ जैकेट पहनने की अपील

NDRF ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गंगा में स्नान तथा नौका विहार के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। नाव में सफर करते समय लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य बताया गया है। साथ ही नाव में उसकी निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाने की सलाह दी गई है।

श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे घाटों पर निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी सुरक्षाकर्मी या NDRF जवान को सूचना दें।