मंत्री ओमप्रकाश राजभर का पूर्व गनर सिपाही दुष्कर्म में गिरफ्तार, जबरन गर्भपात का भी आरोप! कोर्ट ने भेजा जेल 

Varanasi Crime News: सारनाथ में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और जबरन गर्भपात के आरोपी सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानें पूरा मामला।

 
वाराणसी। वाराणसी में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला सारनाथ थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी सिपाही प्रशांत राय, जो वर्तमान में गाजीपुर पुलिस लाइन में तैनात था, मूल रूप से मिर्जापुर जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के चंद्रगढ़ गांव का निवासी है। पीड़िता ने 3 मई को मामला दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि प्रशांत ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में मुकर गया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पिछले चार वर्षों से उसके संपर्क में था और बीते दो वर्षों से सारनाथ क्षेत्र के बेनीपुर में किराए के कमरे में उसे साथ रखता था। इस दौरान उसने कई बार शादी का वादा किया, लेकिन हर बार टालता रहा। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जबरन गर्भपात भी करवाया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता को जानकारी मिली कि आरोपी ने 25 अप्रैल को गुप्त रूप से किसी अन्य महिला से शादी कर ली है। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और अपने आरोपों के समर्थन में तस्वीरें, वीडियो, व्हाट्सएप चैट और बैंकिंग लेनदेन जैसे कई साक्ष्य भी प्रस्तुत किए।

थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को फोन कर थाने बुलाया गया था। वह अपने भाई के साथ थाने पहुंचा, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी सिपाही पहले उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के एस्कॉर्ट में गनर के रूप में भी तैनात रह चुका है।

पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी की प्रभावशाली पृष्ठभूमि के कारण पहले कार्रवाई में देरी हुई, लेकिन अब पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर सख्त कदम उठाया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।