वाराणसी कमिश्नरेट की अनूठी पहल, ट्रैफिक जवानों को एसी हेलमेट का तोहफा
वाराणसी। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच वाराणसी कमिश्नरेट ने यातायात पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की है। ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष वेंटिलेशन एवं एसी युक्त हेलमेट वितरित किए गए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों को 100 विशेष वेंटिलेशन/एसी युक्त हेलमेट, 600 सामान्य हेलमेट तथा 1000 छातों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में उपस्थित पुलिसकर्मियों के लिए लस्सी एवं जलपान की भी व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने यातायात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा, प्रभावी यातायात प्रबंधन, आमजन के साथ शालीन व्यवहार तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
अधिकारियों ने कहा कि भीषण गर्मी, तेज धूप और प्रतिकूल मौसम में लंबे समय तक चौराहों एवं सड़कों पर ड्यूटी करना चुनौतीपूर्ण कार्य है। ऐसे में विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं पुलिसकर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होंगी।
कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल यादव, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रवीण यादव, यातायात निरीक्षक मुख्यालय अनुराग त्यागी सहित यातायात शाखा के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कमिश्नरेट प्रशासन ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी पुलिसकर्मियों के कल्याण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इसी प्रकार के कल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जाते रहेंगे।