वाराणसी के गेस्ट हाउस में युवक से मारपीट का आरोप, मालिक समेत चार लोगों पर केस दर्ज

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित सीएल गेस्ट हाउस में युवक से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर गेस्ट हाउस मालिक रवि कुमार और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
 

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला स्थित एक गेस्ट हाउस में युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गेस्ट हाउस मालिक और उसके साथ मौजूद तीन अन्य लोगों ने युवक की पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दुल्हीपुर निवासी अशोक कुमार सोनकर ने आदमपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शनिवार को वह एक यात्री को लेकर सीएल गेस्ट हाउस पहुंचे थे, जहां उन्होंने यात्री के लिए कमरा दिलाया। इसी दौरान गार्ड द्वारा कथित रूप से कमीशन की मांग किए जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

पीड़ित का आरोप है कि इस बात से नाराज गेस्ट हाउस मालिक रवि कुमार गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर रवि कुमार और उसके साथ मौजूद तीन अज्ञात लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल कबीरचौरा भेजा।

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर गेस्ट हाउस मालिक रवि कुमार और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, चोट पहुंचाने और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।