Varanasi News: नाजायज तलवार के साथ युवक गिरफ्तार! घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद...
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की चौक थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मारपीट और धमकी के एक मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नाजायज तलवार भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चौक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय बाबर अली निवासी गुदड़ी बाजार, नया चौक को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की रात आरोपी नाजायज तलवार लेकर उन लोगों से बदला लेने की नीयत से घूम रहा था, जिनसे उसका विवाद हुआ था। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तलवार बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना चौक में मुकदमा संख्या 0119/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(3) तथा आयुध अधिनियम की धारा 4/25(1B)(b) के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
इस गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गंगा प्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार सरोज तथा कांस्टेबल धर्मवीर कुमार की अहम भूमिका रही।