वाराणसी में चोरी की दो घटनाओं से सनसनी, मंदिर में चोरी का प्रयास नाकाम तो बंद मकान से ₹3 लाख की चोरी

 वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में चोरी की दो घटनाएं सामने आईं। झांझुपुर के मंदिर में चोरी का प्रयास पुजारी की सतर्कता से विफल हुआ, जबकि मुरली उमरहा गांव में बंद मकान से करीब ₹3 लाख के जेवर और नकदी चोरी हो गई।
 

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में रविवार को चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। एक ओर झांझुपुर गांव स्थित प्राचीन श्रीरामलाल ब्रह्म बाबा मंदिर में चोरी का प्रयास पुजारी की सतर्कता से विफल हो गया, वहीं दूसरी ओर मुरली उमरहा गांव में बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोर करीब ₹3 लाख के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।

पुजारी की सतर्कता से पकड़ा गया आरोपी

जानकारी के अनुसार, झांझुपुर स्थित मंदिर में पिछले कई दिनों से घंटा और चढ़ावे की चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इसे देखते हुए मंदिर के पुजारी संतोष तिवारी रविवार सुबह पूजा के बाद निगरानी कर रहे थे।

सुबह करीब आठ बजे एक युवक मंदिर में घुसा और घंटा व चढ़ावा बैग में रखने लगा। पुजारी ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिनेश यादव, निवासी डुडुआं, थाना चौबेपुर बताया। मंदिर प्रबंधन का दावा है कि पिछले कुछ दिनों में मंदिर से 50 से अधिक घंटे और करीब डेढ़ कुंतल पीतल के घंटे एवं चढ़ावा चोरी हो चुका है।

बंद मकान से लाखों के जेवर और नकदी चोरी

उधर, मुरली उमरहा गांव निवासी मोनू कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ दादी का हालचाल लेने अस्पताल गए थे। जब रविवार सुबह घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

आरोप है कि चोरों ने घर के अंदर रखे सिंगारदान की दराज से चाबी निकालकर अलमारी खोली और उसमें रखे सात थान सोने-चांदी के जेवर तथा ₹70 हजार नकद चोरी कर लिए। पीड़ित के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ₹3 लाख है।

दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस

चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मंदिर में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं बंद मकान में चोरी के मामले में भी तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।