वाराणसी: 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत कैंट पुलिस ने पकड़ा अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा, दो गिरफ्तार

 
टकटकपुर में किराए के मकान से 134 लीटर शराब और 30 हजार रुपये नकद बरामद, बिहार भेजने की थी तैयारी

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की कैंट थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत अवैध शराब तस्करों के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने किराए के मकान में बिना लाइसेंस के अंग्रेजी शराब का भंडारण करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह शराब चोरी-छिपे बिहार में तस्करी कर बेचने की फिराक में थी।

कमिश्नरेट वाराणसी की कैंट थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए किराए के मकान में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का भंडारण कर उसे बिहार में तस्करी करने वाले दो आरोपियों—गौरव साहनी (पुत्र इंद्रजीत साहनी, उम्र 22 वर्ष) और अरविंद साहनी (पुत्र जगदीश साहनी, उम्र 35 वर्ष), दोनों निवासी बेगूसराय, बिहार—को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान 608 अदद 'ऑफिसर चॉइस' (180 मिली) और 134 अदद '08 पीएम' (180 मिली) अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल मात्रा 134 लीटर (अनुमानित कीमत 96,460 रुपये) है, और 30,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना कैंट में धारा-60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस कार्रवाई

पुलिस आयुक्त महोदय, वाराणसी के निर्देशानुसार अपराध और अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए यह बड़ी कार्रवाई की गई है। मुखबिर की सटीक सूचना पर कैंट पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर इस पूरी खेप को पकड़ा।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कैंट शिवकांत मिश्र, उ0नि0 सत्यम यादव, उ0नि0 अभिषेक सिंह, उ0नि0 आशुतोष तिवारी, म0उ0नि0 आरती गौड़, हे0का0 मिथिलेश कुमार सिंह, म0का0 स्नेहा पाण्डेय और का0 राजन कुमार राव शामिल रहे।