Varanasi Breaking News: वाराणसी में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में कथित गोतस्कर के पैर में लगी गोली

 रामनगर में वाहन चेकिंग के दौरान मुठभेड़, 30 गोवंशीय पशु बरामद
 
 पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ कथित गोतस्कर, 30 गोवंशीय पशु सुरक्षित बरामद

 वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के भीटी चौकी अंतर्गत विश्वसुंदरी पुल के नीचे सोमवार सुबह वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और एक कथित गोतस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कंटेनर से करीब 30 गोवंशीय पशु बरामद कर उन्हें सुरक्षित पशु शेल्टर होम भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह भीटी चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे एक कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा करते हुए आगे घेराबंदी की। टेंगरा मोड़ कट के पास पुलिस का घेरा देखकर कंटेनर से एक व्यक्ति उतरकर विश्वसुंदरी पुल के नीचे झाड़ियों की ओर भागने लगा।

एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के अनुसार पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद के बद्दूराज थाना क्षेत्र के हरनाही लक्ष्मीनिया गांव निवासी मुहम्मद एजाज पुत्र हाकिम मियां के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह गोवंशीय पशुओं को पश्चिम बंगाल ले जा रहा था। कंटेनर की तलाशी में करीब 30 गोवंशीय पशु बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षित पशु शेल्टर होम भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह छह से सात बार जेल जा चुका है तथा उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर फरार अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।