Varanasi Breaking News: वाराणसी में लाखों का गांजा जब्त, सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा की बड़ी कार्रवाई
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस के 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत सिगरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने ओडिशा निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजे की खेप बरामद की है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, रेलवे कॉलोनी के समीप वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक छोटे हाथी (लोडर वाहन) को रोककर उसकी सघन तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन के निचले हिस्से में विशेष रूप से तैयार किए गए सीक्रेट (हिडन) चैंबर का पता चला। इस चैंबर में छिपाकर रखे गए करीब 31 किलोग्राम अवैध गांजे को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मौके से वाहन को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप किस स्थान से लाई गई थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य तस्कर कौन हैं।
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत मादक पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।