Varanasi Breaking News: मीरघाट पर गंगा स्नान के दौरान 14 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत, परिवार के साथ आई थी वाराणसी घूमने
वाराणसी। मीरघाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान 14 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर दशाश्वमेध चौकी पुलिस, जल पुलिस, स्थानीय गोताखोर और नाविक मौके पर पहुंचे तथा संयुक्त अभियान चलाकर किशोरी को गंगा से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सिमरन ठाकुर (14) पुत्री पप्पू कुमार ठाकुर, निवासी ग्राम बनसोई, थाना मुशरख, जिला छपरा (बिहार) के रूप में हुई है। वह अपने परिजनों के साथ वाराणसी भ्रमण और गंगा स्नान के लिए आई थी। मंगलवार सुबह मीरघाट पर स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
परिजनों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने बचाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दशाश्वमेध चौकी पुलिस, जल पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और नाविकों ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद किशोरी को गंगा से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।