वाराणसी में ऑटो में छूटा दो लाख का बैग, कमांड सेंटर की मदद से यात्री को वापस मिला नकदी और चांदी का सामान
वाराणसी। शहर में ऑटो से सफर के दौरान एक यात्री का करीब दो लाख रुपये कीमत का बैग छूट गया। बैग में 1.40 लाख रुपये नकद और चांदी के कीमती सामान रखे थे। परेशान यात्री ने इसकी सूचना सिगरा थाने में दी। इसके बाद पुलिस और कमांड सेंटर की टीम ने प्रयास कर संबंधित ऑटो का पता लगाया और यात्री का पूरा सामान बरामद कर उसे वापस सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के रांची निवासी मुकेश सोनी अपने परिवार के साथ वाराणसी आए थे। यहां उन्हें पूजा-पाठ से संबंधित सामान की खरीदारी करनी थी। इसी सिलसिले में वह लहरतारा से ऑटो में बैठकर कैंट पहुंचे। इस दौरान उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। कुछ देर बाद बैग की याद आने पर उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन ऑटो का पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने थाना सिगरा पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
मुकेश सोनी के मुताबिक, बैग में 1 लाख 40 हजार रुपये नकद के अलावा 100 ग्राम चांदी का सिक्का और चांदी की बतिया रखी हुई थी। चांदी के दोनों सामानों की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई। इस तरह बैग में रखे नकदी और चांदी के सामान का कुल मूल्य लगभग दो लाख रुपये था। इसके अलावा बैग में कुछ अन्य सामान भी मौजूद थे।
मामले की जानकारी मिलने पर थाना सिगरा की स्थानीय पुलिस और कमिश्नरेट पुलिस के कमांड सेंटर की टीम सक्रिय हुई। कमांड सेंटर प्रभारी राजेश और उनके कर्मचारियों ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर ऑटो की पहचान करने का प्रयास शुरू किया। टीम की कोशिशों से संबंधित ऑटो का पता चल गया और उसमें छूटा यात्री का बैग भी बरामद कर लिया गया।
बैग और उसमें रखा पूरा सामान वापस मिलने पर मुकेश सोनी ने राहत की सांस ली। उन्होंने कमिश्नरेट पुलिस के कमांड सेंटर प्रभारी राजेश और उनकी टीम का आभार जताते हुए पुलिसकर्मियों को धन्यवाद दिया।