वाराणसी: तेलियानाला घाट पर 17 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या, ईंट से सिर पर वार! परिजनों का हंगामा

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला घाट पर 17 वर्षीय युवक नीरज केवट की मारपीट में हत्या कर दी गई। दुकान लगाने के विवाद में शुरू हुई झड़प ने हिंसक रूप ले लिया। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
 

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला घाट पर रविवार देर रात एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां 17 वर्षीय नीरज केवट की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दुकान लगाने के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा

जानकारी के अनुसार, नीरज केवट अपने परिवार के साथ घाट किनारे माला-फूल और भगवान की मूर्तियां बेचता था। इसी को लेकर मोहल्ले के ही कुछ लोगों से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार की देर रात महिलाओं के बीच शुरू हुई कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।

देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों के साथ मारपीट शुरू हो गई। रात करीब 12 बजे के बाद पूरा इलाका जंग का मैदान बन गया।

ईंट से सिर पर वार, मौके पर गिरा युवक

इसी दौरान हमलावरों ने नीरज के सिर पर ईंट से कई बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में मौत, परिजनों का हंगामा

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ घायल नीरज को मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नीरज की मौत की खबर मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए और जमकर हंगामा करने लगे।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के परिजन धीरज केवट ने आरोप लगाया कि वीरेंद्र केवट और उसके परिवार के लोग आए दिन विवाद करते थे। कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसकी वजह से आज उनके भाई की जान चली गई।

धीरज के मुताबिक, इस घटना में रविंद्र केवट, किशन केवट, बसंत, कन्हैया, कल्लू, भरत, टकालू, रंजीता और सुमन केवट सहित कई लोग शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

बहन का दर्द: बेरहमी से पीटा गया

नीरज की बड़ी बहन रीमा केवट ने बताया कि उसका भाई नाव चलाकर घाट पर आया था और परिवार से बात कर रहा था, तभी अचानक हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।

रीमा के अनुसार, हमलावरों ने नीरज को घेरकर बेरहमी से पीटा और ईंट से सिर पर कई बार वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया।

एसीपी पहुंचे, कार्रवाई का आश्वासन

घटना की सूचना पर एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ।

पुलिस जांच में जुटी

आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।