वाराणसी में 650 प्रतिबंधित पक्षी बरामद, अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का खुलासा; पिकअप समेत आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। शहर में प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों के अवैध कारोबार का मामला सामने आया है। वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गोलगड्डा क्षेत्र में छापेमारी कर 650 जीवित पक्षियों को बरामद किया। मौके से एक पिकअप वाहन, सात लोहे के पिंजरे और दो झोलों में रखे पक्षियों को कब्जे में लिया गया। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। विभाग के मुताबिक, पक्षियों को मिर्जापुर और चंदौली के जंगलों से खरीदकर शहरों में सप्लाई किया जाता था।
वन विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे गोलगड्डा के पास प्रतिबंधित पक्षियों के अवैध व्यापार की सूचना पर टीम ने छापा मारा। वाराणसी वन रेंज प्रभारी राजकुमार गौतम, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राहुल बलवंत और वन रक्षक अल्का चौरसिया ने एसटीएफ की संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
जांच के दौरान पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में पक्षी मिले। गिनती करने पर 60 जीवित एलेक्जेंड्रिन तोते और 590 अन्य तोते बरामद हुए। सभी 650 पक्षियों को वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया। मौके से पिकअप चालक मोहम्मद समीम, मोहम्मद नासीर और आफताब को गिरफ्तार किया गया। तीनों बिहार के पटना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
जंगलों से खरीदकर शहरों में करते थे सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पक्षियों को मिर्जापुर और चंदौली के जंगलों से शिकारियों से खरीदकर लाया गया था। इसके बाद उन्हें अलग-अलग शहरों में सप्लाई किया जाना था। वन विभाग के अनुसार, इस कारोबार में अंतरराज्यीय गिरोह की भूमिका सामने आई है। गिरोह का सरगना मोहम्मद सलीम बताया गया है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम में मुकदमा
वन विभाग ने बरामद पक्षियों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत प्रतिबंधित बताया है। मामले में अधिनियम की धारा 2, 9, 39, 48, 48(ख), 50 और 51 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विभागीय जानकारी के मुताबिक, आरोपियों को 20 नवंबर 2026 की सुबह न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।