वाराणसी: बाबा कीनाराम पीठाधीश्वर के अवतरण दिवस पर 55 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह
वाराणसी। अघोर पंथ के पवित्र तीर्थस्थल क्रीं कुंड, रविंद्रपुरी कॉलोनी स्थित बाबा कीनाराम स्थल पर 1 मई (शुक्रवार) को पीठाधीश्वर बाबा श्री सिद्धार्थ गौतम राम जी के अवतरण दिवस के अवसर पर 55 जरूरतमंद नव युवक-युवतियों का सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन सामाजिक संस्था अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान के तत्वावधान में संपन्न होगा, जो चिकित्सा, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में जरूरतमंदों के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
संस्था के प्रमुख व्यवस्थापक अरुण सिंह एवं महिला मंडल की संयोजिका श्रीमती रूबी सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि विवाह समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम के तहत पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक हल्दी की रस्म होगी, जबकि रात्रि 8 बजे से मध्यरात्रि तक सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर अघोर पीठ के पीठाधीश्वर बाबा श्री सिद्धार्थ गौतम राम जी नवविवाहित जोड़ों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
प्रेस वार्ता में संगीता सिंह, राजेंद्र सिंह, विनय सिंह, श्याम राज यादव, संजय सिंह, सिद्धनाथ सिंह, नीरज वर्मा, रवि सिंह, कमलेश तथा शशिकांत श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।