पहली यात्रा में ही छाई वंदे भारत स्लीपर, फर्स्ट एसी की सीटों पर यात्रियों की पहली पसंद

वाराणसी-दल्ली वंदे भारत स्लीपर को पहले दिन मिला शानदार रिस्पॉन्स, फर्स्ट एसी की आधी सीटें बुक

 

वाराणसी। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को पहले ही दिन यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिला। सोमवार को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से ट्रेन के नियमित संचालन की शुरुआत हुई। पहले दिन वाराणसी से ही फर्स्ट एसी कोच की आधे से अधिक सीटें भर गईं। वहीं, सेकंड और थर्ड एसी श्रेणी में भी ट्रेन के रवाना होने से पहले तक यात्रियों को कंफर्म सीट उपलब्ध होती रही।

रेलवे की ट्रेन संख्या 27421 वंदे भारत स्लीपर सोमवार रात 8:50 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। इस दौरान आईआरसीटीसी की ओर से यात्रियों का स्वागत किया गया। नई ट्रेन में सफर को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई यात्रियों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपनी यात्रा शुरू की।

बुकिंग के रुझान पर नजर डालें तो फर्स्ट एसी श्रेणी में यात्रियों की सबसे अधिक दिलचस्पी दिखाई दे रही है। इस श्रेणी की सीटें पहले ही भर रही हैं, जबकि सेकंड और थर्ड एसी में अपेक्षाकृत आसानी से आरक्षण मिल रहा है। पहले दिन भी यही स्थिति देखने को मिली। ट्रेन निर्धारित समय रात 8:50 बजे से पांच मिनट की देरी से रवाना हुई, लेकिन प्रयागराज जंक्शन पर अपने निर्धारित समय रात 10:35 बजे से करीब 10 मिनट पहले पहुंच गई।

शिवगंगा और सुपरफास्ट एक्सप्रेस को मिलेगी राहत

वाराणसी से दिल्ली के बीच नई स्लीपर वंदे भारत के संचालन से पहले से चल रही ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होने की उम्मीद है। खासकर बनारस स्टेशन से संचालित शिवगंगा एक्सप्रेस और बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सामान्य दिनों में लंबी वेटिंग सूची देखने को मिलती है। नई ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिल गया है।

सोमवार को अन्य ट्रेनों में भी कंफर्म सीटें उपलब्ध रहीं। वाराणसी से रात 10:15 बजे रवाना होने वाली स्पेशल ट्रेन में रात 9:30 बजे तक स्लीपर श्रेणी में 320, थर्ड एसी में 225 और सेकंड एसी में 23 सीटें खाली थीं। वहीं, बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में थर्ड एसी की 105, सेकंड एसी की 31 और फर्स्ट एसी की चार सीटें उपलब्ध थीं।

नई स्लीपर वंदे भारत के संचालन से वाराणसी और दिल्ली के बीच रेल यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ आरामदायक रात्रिकालीन यात्रा का विकल्प मिला है। आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या और आरक्षण की स्थिति से इस ट्रेन की लोकप्रियता का वास्तविक आकलन हो सकेगा।