पत्नी के दिल्ली जाने से परेशान युवक ने फंदे से लटककर दी जान
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के घसियारी टोला (प्रह्लाद घाट) में शुक्रवार को 43 वर्षीय पवन यादव ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने कमरे में पवन को फंदे से लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर आदमपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मृतक की मां विमला देवी ने बताया कि पवन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। करीब 20 वर्ष पहले सड़क हादसे में घायल होने के बाद से उसका मानसिक इलाज चल रहा था। मां के अनुसार, पवन की पत्नी सुनीता करीब डेढ़ वर्ष पहले अपनी बेटी गार्गी के साथ दिल्ली चली गई थी। इसके बाद से पवन परेशान रहता था।
घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने पवन की पत्नी सुनीता से भी फोन पर संपर्क किया। सुनीता ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर बेटी की पढ़ाई करा रही है और फिलहाल वाराणसी आने में असमर्थ है।
इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद मां विमला देवी, भाई अजय समेत परिवार के अन्य सदस्य सदमे में हैं। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।