वाराणसी में पोस्टमार्टम को लेकर हंगामा, पुलिस से झड़प के बाद शव लेकर फरार हुए परिजन
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के पिशाचमोचन कुंड में बुधवार सुबह डूबने से राजूकुमार की मौत के बाद शव के पोस्टमार्टम को लेकर हंगामा हो गया। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर मारपीट की और शव को अपने कब्जे में लेकर ई-रिक्शा से वहां से चले गए।
जानकारी के अनुसार, पिशाचमोचन कुंड में डूबने से राजूकुमार की मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने का विरोध शुरू कर दिया। हंगामे के बीच स्थिति बिगड़ गई और परिजन शव को लेकर अस्पताल से निकल गए।
घटना की जानकारी के बाद पुलिस टीम मृतक के घर पहुंची और शव को दोबारा कब्जे में लिया। इसके बाद शव को मंडलीय अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई गई। अस्पताल परिसर में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिसकर्मियों से मारपीट और शव को बिना अनुमति ले जाने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।