वाराणसी में पोस्टमार्टम को लेकर हंगामा, काफी प्रयास के बाद शव को अस्पताल भेजा
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के पिशाचमोचन कुंड में स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना के समय युवक समेत तीन लोग शराब के नशे में थे। घटना के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला और कबीर चौराहा अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने के बाद मृतक के परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को दोबारा अस्पताल भिजवाया, जहां पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राजू कुमार उर्फ दीपक (34) पुत्र स्वर्गीय लालजी, निवासी बड़ी मलदहिया, वाराणसी के रूप में हुई है। वह अपने साथी करण राजभर (36), निवासी चोलापुर और लखन, निवासी मलदहिया के साथ पिशाचमोचन कुंड में स्नान करने पहुंचा था। पुलिस का कहना है कि तीनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान राजू कुमार कुंड में डूब गया।
घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक सिगरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ को सूचना दी गई। एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकालकर एंबुलेंस से कबीर चौराहा अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार अस्पताल में शव एंबुलेंस से उतारे जाने के बाद मृतक के कुछ परिजन, जो कथित तौर पर नशे की हालत में थे, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से जोर-जबरदस्ती कर शव को अपने साथ ले गए। उन्होंने पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को समझाया। इसके बाद शव को दोबारा कबीर चौराहा अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक अस्पताल में पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल घटना के संबंध में शांति व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।