UP Police बहुत मारती है, अब नहीं करेंगे अपराध, वाराणसी में एनकाउंटर के बाद हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाए बदमाश

वाराणसी चांदी लूटकांड: मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, बोले— अब नहीं करेंगे अपराध
 
 वाराणसी लूटकांड: पैर में गोली लगने के बाद बदमाशों ने कबूला जुर्म

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र में सर्राफा कर्मचारियों से करीब 27 किलोग्राम चांदी की लूट के चर्चित मामले में कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात लंका थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि जवाबी फायरिंग में एसओजी प्रभारी के दाहिने हाथ में गोली लगने से वे भी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन तथा माशाअल्लाह के रूप में हुई है। इनके कब्जे से लूटी गई चांदी का हिस्सा, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दोनों आरोपियों को मीडिया के सामने पेश किया गया। पैर में गोली लगने के कारण दोनों लंगड़ाते हुए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर और कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि वे भविष्य में अपराध नहीं करेंगे।

मीडिया से बातचीत के दौरान आरोपियों ने कहा, "यूपी पुलिस बहुत सख्त कार्रवाई करती है। अब न वाराणसी में और न ही उत्तर प्रदेश में कभी लूट या किसी अन्य अपराध में शामिल होंगे।"

पुलिस आयुक्तालय का कहना है कि लूटकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पूरे गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य कठोर कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर पूरे मामले का सफल अनावरण किया जाएगा।