कर्ज के दबाव में परिवार ने उठाया खौफनाक कदम, तीन मौतों की गुत्थी सुलझी
तीन मौतों से सनसनी, 12 साल से भाई से संपर्क में नहीं थी बहन, कर्ज ने ली परिवार की जान
वाराणसी। महाराष्ट्र से काशी आए विशाल मुखर्जी, उनकी पत्नी जया और बेटे ईशान मुखर्जी की मौत के मामले में लक्सा पुलिस ने जांच के बाद परिवार के इस कदम के पीछे अत्यधिक कर्ज का दबाव बताया है। पुलिस के मुताबिक, आर्थिक तंगी और लगातार बढ़ते कर्ज से परेशान होकर परिवार ने यह कदम उठाया। तीनों शवों का 72 घंटे की अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी है।
लक्सा पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्रयागराज के कर्नलगंज निवासी विशाल की बहन पृथा पांडेय और बहनोई भूपेंद्र पांडेय से संपर्क किया। पृथा ने पुलिस को बताया कि विशाल और उनके परिवार से करीब 12 वर्षों से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने शव लेने और अंतिम संस्कार करने में भी असमर्थता जताई।
12 साल से भाई से नहीं था संपर्क
पृथा पांडेय के अनुसार, विशाल उनके इकलौते भाई थे। मूल रूप से कर्नलगंज, प्रयागराज निवासी विशाल करीब 15 वर्ष पहले सीमेंट फैक्ट्री में नौकरी के लिए महाराष्ट्र गए थे और वहीं बस गए। बाद में उन्होंने अपने माता-पिता को भी महाराष्ट्र बुला लिया था। पृथा के मुताबिक, मुंबई जाने के बाद से ही भाई से बातचीत और पारिवारिक संबंध लगभग समाप्त हो गए थे।
उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि विशाल पर काफी कर्ज था। उन्होंने पिता के परिचितों से भी पैसे उधार लिए थे, जिनका भुगतान नहीं किया गया। इसके अलावा बेटे ईशान के दोस्तों से भी कर्ज लिए जाने की जानकारी सामने आई है। विशाल और उनकी पत्नी जया की बीमारी के इलाज में भी काफी रकम खर्च होने की बात सामने आई है।
2018 में पिता, 2022 में मां की मौत
पृथा ने पुलिस को बताया कि उनके पिता की वर्ष 2018 और मां की वर्ष 2022 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद विशाल, उनकी पत्नी जया और बेटे ईशान से उनका कोई संपर्क नहीं रहा। ऐसे में अब अचानक हुई तीनों की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने उनसे संपर्क किया, लेकिन उन्होंने शव लेने में असमर्थता जताई।
सात अगस्त को वाराणसी पहुंचे थे
पुलिस के अनुसार, विशाल, जया और ईशान सात अगस्त को लक्सा थाना क्षेत्र स्थित वाची गेस्ट हाउस में ठहरे थे। नौ अगस्त की रात विशाल की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इसके बाद 10 अगस्त की देर शाम होम स्टे में पत्नी जया और बेटे ईशान ने कथित तौर पर जहर खाकर जान दे दी।
घटना के बाद लक्सा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में परिवार की आर्थिक स्थिति और कर्ज का दबाव प्रमुख कारण के रूप में सामने आया।
महाराष्ट्र पुलिस भी जुटा रही जानकारी
लक्सा पुलिस अब विशाल के अन्य परिजनों और रिश्तेदारों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। वहीं महाराष्ट्र की रायगढ़ पुलिस भी विशाल के करीबियों और परिचितों से जानकारी जुटा रही है, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति और कर्ज से जुड़े मामलों की पूरी जानकारी सामने आ सके।
लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि बहन और बहनोई ने अंतिम संस्कार करने में असमर्थता जताई है। 72 घंटे की अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद मणिकर्णिका घाट पर एक साथ अंतिम संस्कार किए जाने की प्रक्रिया पुलिस द्वारा पूरी कराई जाएगी।