75 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार, 213 पाउच-बोतल बरामद...

 सिगरा पुलिस ने 75 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो युवकों को पकड़ा, 213 पाउच-बोतल बरामद
 

वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की करीब 75 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को सिगरा थाना क्षेत्र में लहरतारा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे यू-टर्न के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपितों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चन्दन कुमार पुत्र दीनेश चौधरी निवासी बैरी चक, थाना मसौरी, पटना, बिहार और राहुल कुमार पुत्र महेन्द्र राम निवासी बाढ़ पोतमा, थाना बाढ़, पटना, बिहार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में 180 एमएल के 150 पाउच 8 PM ब्रांड, 750 एमएल की 43 बोतल रॉयल स्टैग और 750 एमएल की 20 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 75 लीटर बताई गई है।

इस मामले में थाना सिगरा में मुकदमा संख्या 0402/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक पार्थ तिवारी, कांस्टेबल राहुल सिंह और कांस्टेबल संग्राम शामिल रहे।