वाराणसी में दो बड़े प्रोजेक्ट उद्घाटन के लिए तैयार, PMO पहुंची गंजारी स्टेडियम और रोपवे की रिपोर्ट

 वाराणसी के गंजारी क्रिकेट स्टेडियम और कैंट-गोदौलिया रोपवे की प्रगति रिपोर्ट PMO को भेजी गई। पीएम मोदी के संभावित दौरे में दोनों परियोजनाओं के उद्घाटन की तैयारी है।
 

वाराणसी। काशी में चल रही दो बड़ी विकास परियोजनाएं अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई हैं। गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और कैंट से गोदौलिया तक प्रस्तावित सार्वजनिक परिवहन रोपवे की प्रगति रिपोर्ट प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भेज दी गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस महीने के अंतिम सप्ताह में वाराणसी आने की संभावित चर्चा के बीच दोनों परियोजनाओं के उद्घाटन की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं।

हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी दौरा और उद्घाटन कार्यक्रम अभी आधिकारिक रूप से तय नहीं हुआ है। अधिकारियों की ओर से दोनों परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्य और तैयारियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी PMO को उपलब्ध कराई गई है।

95 फीसदी पूरा हुआ गंजारी क्रिकेट स्टेडियम का काम

वाराणसी के गंजारी में करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के अंतिम चरण में है। परियोजना का लगभग 95 फीसदी काम पूरा होने की जानकारी सामने आई है।

स्टेडियम में फ्लड लाइट लगाने और दर्शक दीर्घा में सीटें लगाने सहित कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। स्टेडियम में एक साथ करीब 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। भविष्य में इसकी क्षमता को बढ़ाकर करीब 40 हजार दर्शकों तक किए जाने की योजना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया था। निर्माण पूरा होने के बाद यह पूर्वांचल में खेल और क्रिकेट गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।

कैंट-गोदौलिया रोपवे भी अंतिम चरण में

काशी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार हो रहा कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक का रोपवे प्रोजेक्ट भी अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

करीब 3.75 किलोमीटर लंबे रोपवे में कैंट, काशी विद्यापीठ और रथयात्रा स्टेशनों का काम लगभग पूरा हो चुका है। वहीं गोदौलिया स्टेशन पर भी निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

यह परियोजना वाराणसी के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने के साथ ही शहर में यातायात के दबाव को कम करने और यात्रियों को वैकल्पिक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

PMO की रिपोर्ट के बाद बढ़ी तैयारियों की रफ्तार

प्रधानमंत्री के संभावित वाराणसी दौरे को देखते हुए दोनों परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट PMO को भेजे जाने के बाद स्थानीय स्तर पर तैयारियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। हालांकि, दौरे की तारीख और कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही उद्घाटन को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

अगर प्रधानमंत्री का दौरा तय होता है तो गंजारी स्टेडियम और रोपवे का उद्घाटन काशी के विकास से जुड़ी बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो सकता है।