वाराणसी में शराब की बिक्री पर कार्रवाई, 24 लीटर देसी शराब के साथ दो गिरफ्तार
वाराणसी। स्नातक एमएलसी चुनाव के मद्देनजर शराब की दुकानों की बंदी के दौरान कथित रूप से शराब बेचने के मामले में सिगरा पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से विंडीज लाइम ब्रांड की 118 पाउच देसी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा करीब 24 लीटर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान मालगोदाम रेलवे स्टेशन के पास दो व्यक्तियों द्वारा शराब बेचे जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई की और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से शराब के पाउच बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू पाल (46), पुत्र बरसाती पाल, निवासी संघट, थाना रोहनिया, वाराणसी और अनिल कुमार यादव (26), पुत्र विजय बहादुर यादव, निवासी जलालपुर, सिरकोनी, थाना जलालपुर, जिला जौनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। चुनाव के दौरान शराब की बिक्री और वितरण पर निगरानी रखने के लिए गश्त और जांच अभियान चलाया जा रहा है।