चांदी लूटकांड में बड़ी सफलता, मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
चौक चांदी लूटकांड का खुलासा, लंका मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार
वाराणसी। चौक क्षेत्र में आभूषण व्यवसायी के कर्मचारियों से हुई चांदी लूटकांड में वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौक पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात लंका थाना क्षेत्र के लौतूवीर इलाके में मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगने से वह भी घायल हो गए। सभी घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम (पूर्व होशंगाबाद) जिले के पिपरिया निवासी साबिर और माशाल्लाह के रूप में हुई है। इनके कब्जे से लूटी गई चार किलोग्राम चांदी तथा कुछ नकदी बरामद की गई है।
दशाश्वमेध के सहायक पुलिस आयुक्त अतुल अंजान ने बताया कि पुलिस और एसओजी को सूचना मिली थी कि चांदी लूटकांड में शामिल दो आरोपी लंका क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी कार छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए, जबकि फायरिंग के दौरान एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की तलाश और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि 16 जुलाई को चौक क्षेत्र में आभूषण व्यवसायी शशि कुमार वर्मा के कर्मचारियों से करीब 27 किलोग्राम चांदी की लूट हुई थी। आरोपियों ने स्वयं को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर कर्मचारियों को रोक लिया था और चांदी लेकर सफेद रंग की बलेनो कार से फरार हो गए थे। इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।