सीएम योगी के काशी दौरे पर बदली यातायात व्यवस्था, राजघाट पुल पर आठ घंटे मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद

 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय काशी दौरे के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बुधवार और बृहस्पतिवार को वीवीआईपी आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। इसके तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा और मालवाहक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है।

यातायात पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर से मालवाहक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर भी कार्यक्रम समाप्त होने तक विभिन्न मार्गों पर रोक लगाई गई है।

कैंट से बीएचयू जाने वाले वाहनों का बदला मार्ग

कैंट रेलवे स्टेशन से रथयात्रा और बीएचयू की ओर जाने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा को लहरतारा-मंडुवाडीह मार्ग से संचालित किया जाएगा। सूजाबाद से अंधरापुल की ओर आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा पर भी प्रतिबंध रहेगा। मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान मैदागिन से गोदौलिया तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रखा जाएगा।

कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन

रथयात्रा और सिगरा से साजन तिराहा की ओर जाने वाले वाहनों को आकाशवाणी तिराहा की तरफ मोड़ा जाएगा। इसके बाद वाहन महमूरगंज तिराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं, मंडुवाडीह से महमूरगंज जाने वाले वाहनों को ककरमत्ता की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आकाशवाणी से सिगरा जाने वाले वाहनों को रथयात्रा चौराहे की तरफ भेजा जाएगा।

बसों और चारपहिया वाहनों के लिए भी निर्देश

मुख्यमंत्री के आगमन से तीन घंटे पहले विशेश्वरगंज तिराहे पर चारपहिया वाहनों को मैदागिन की ओर जाने से रोककर गोलगड्डा की तरफ मोड़ा जाएगा। वहीं, आगमन से चार घंटे पहले हरहुआ ओवरब्रिज पर रोडवेज और निजी बसों को रोककर रिंग रोड चौराहे से परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहे तक ही आ सकेंगी।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए यात्रा से पहले अपने मार्ग की जानकारी प्राप्त कर लें।