छठ पूजा को लेकर वाराणसी में ट्रैफिक अलर्ट, गोदौलिया से अस्सी तक बदलेगा रास्ता
वाराणसी। सूर्य षष्ठी यानी डाला छठ महापर्व पर गंगा घाटों और प्रमुख जलाशयों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन, वाहनों की नो-एंट्री और पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू की जाएगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, यह व्यवस्था 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक तथा 16 नवंबर को सुबह तीन बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। इसका असर गोदौलिया, दशाश्वमेध, मैदागिन, अस्सी, भेलूपुर, राजघाट, नमो घाट, सामने घाट, रामनगर और बीएलडब्ल्यू सहित कई क्षेत्रों में रहेगा।
गोदौलिया और दशाश्वमेध क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
रामापुरा चौराहे से गोदौलिया की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। छठ पूजा में आने वाले वाहनों को मजदा टॉकीज और सनातन धर्म इंटर कॉलेज की ओर पार्किंग के लिए भेजा जाएगा। बेनिया तिराहे से रामापुरा की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को बेनिया-पियरी रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पूजा में आने वाले वाहनों के लिए बेनिया पार्किंग निर्धारित की गई है।
इसी तरह मैदागिन से गोदौलिया की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इनके लिए हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के सामने और टाउनहॉल पार्किंग की व्यवस्था की गई है। गोदौलिया से दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद और शीतला घाट की ओर भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
अस्सी और भेलूपुर में बदलेगा यातायात मार्ग
सोनारपुरा तिराहे से गोदौलिया की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें भेलूपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहे से अस्सी चौराहे की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इस मार्ग के वाहनों को रविंद्रपुरी की ओर भेजा जाएगा।
राजघाट और नमो घाट पर विशेष व्यवस्था
भदऊ चुंगी से भैंसासुर घाट की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आसपास की सड़कों पर पार्किंग की भी अनुमति नहीं होगी। राजघाट पुल तिराहे से नमो घाट की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। छठ पूजा में आने वाले वाहनों के लिए काशी स्टेशन पानी टंकी मैदान में पार्किंग निर्धारित की गई है।
सूजाबाद पुलिस चौकी से राजघाट की ओर भी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इस मार्ग के वाहनों को पड़ाव से रामनगर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
सामने घाट और रामनगर में पार्किंग के इंतजाम
सामने घाट क्षेत्र में छठ पूजा के लिए आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली, मालवाहक वाहनों और बसों को विश्वसुंदरी पुल के बगल से गंगा घाट की ओर जाने की अनुमति होगी। इनके लिए विश्वसुंदरी पुल के नीचे मैदान में पार्किंग निर्धारित की गई है।
रामनगर की ओर से आने वाले भारी वाहन शास्त्री चौक से पुल के रास्ते सामने घाट नहीं जा सकेंगे। इन्हें पुल के बाईं ओर बने मार्ग से गंगा घाट की तरफ भेजा जाएगा।
सामने घाट तिराहे से मुरारी चौक की ओर आने वाले वाहनों के लिए जज गेस्ट हाउस के सामने खाली मैदान, सुरेंद्र पटेल के खाली प्लॉट और सनबीम सामने घाट स्कूल के बगल स्थित कृष्णा वाटिका में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बिहार से आने वाली निजी बसें मुरारी चौक बस स्टैंड के बजाय स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल के सामने खाली मैदान में खड़ी होंगी। यात्रियों को वहीं से उतारने और बैठाने की व्यवस्था रहेगी।
बीएलडब्ल्यू और कचहरी क्षेत्र में भी डायवर्जन
बीएलडब्ल्यू स्थित सूर्य सरोवर के आसपास वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अंबेडकर चौराहे से शास्त्री घाट की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें कचहरी और जेपी मेहता की ओर डायवर्ट किया जाएगा। छठ पूजा से संबंधित वाहनों के लिए कचहरी के पीछे जेपी मेहता रोड पर पार्किंग निर्धारित की गई है।
रात दो बजे के बाद भारी वाहनों की नो-एंट्री
यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए भी विशेष प्रतिबंध लागू किया है। 15 और 16 नवंबर को रात 11 बजे से सुबह दो बजे तक भारी वाहनों को छूट रहेगी। सुबह दो बजे के बाद वाराणसी नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन
ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 7839856994
ट्रैफिक हेल्पलाइन: 7317202020
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। घाटों पर जाने से पहले अपने मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि छठ महापर्व के दौरान अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।