वाराणसी में टोटो चालक से मारपीट का आरोप, मजार पर दर्शन के दौरान विवाद! दो हिरासत में... 

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में मकदूम शाह मजार के बाहर टोटो चालक से कथित मारपीट का मामला सामने आया। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है और घायल का मेडिकल कराया गया है।
 

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया निवासी एक टोटो चालक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि लाट भैरव स्थित मकदूम शाह मजार पर मन्नत मांगने पहुंचे दौरान कुछ युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित मो. आशिफ (30 वर्ष) ने बताया कि वह पिछले करीब छह महीने से बीमार हैं और स्वास्थ्य लाभ की मन्नत लेकर नियमित रूप से लाट भैरव स्थित मकदूम शाह मजार पर जाते रहे हैं। उनका आरोप है कि रविवार को मजार के बाहर जलालीपुरा क्षेत्र के कुछ युवकों ने उन्हें रोककर बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी।

 

विरोध करने पर मारपीट का आरोप

पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनका पीछा कर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दिखाई तत्परता

घटना के बाद घायल युवक लाट भैरव पुलिस चौकी पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस ने क्षेत्र में घूम रहे दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर आदमपुर थाने भेज दिया।

घायल का कराया गया मेडिकल

पुलिस ने घायल मो. आशिफ को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल कबीरचौरा भेजा। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।