वाराणसी एयरपोर्ट पर तीन दिवसीय सुरक्षा ऑडिट शुरू, डीजीसीए टीम ने गोलीबारी स्थल का भी किया निरीक्षण
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, बाबतपुर पर नागर विमानन महानिदेशालय की दो सदस्यीय टीम ने तीन दिवसीय सुरक्षा ऑडिट शुरू कर दिया है। टीम हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था, परिचालन मानकों और विमान संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
यह निरीक्षण ऐसे समय हो रहा है, जब 16 अगस्त को टर्मिनल भवन में सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने की घटना सामने आई थी।
जांच के दौरान डीजीसीए की टीम ने टर्मिनल भवन में उस स्थान का भी बारीकी से निरीक्षण किया, जहां गोलीबारी की घटना हुई थी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी ली और वहां लागू सुरक्षा प्रोटोकॉल तथा जांच प्रक्रिया की समीक्षा की।
बताया गया कि 16 अगस्त को सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक फायरिंग हो गई थी। घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे थे। डीजीसीए की टीम अब इस घटना से जुड़े सुरक्षा पहलुओं और जांच प्रक्रिया का भी जायजा ले रही है।
हवाई अड्डा प्रशासन के अनुसार, यह तीन दिवसीय निरीक्षण डीजीसीए की ओर से प्रत्येक वर्ष अगस्त में कराए जाने वाले नियमित वार्षिक सुरक्षा ऑडिट का हिस्सा है। इस दौरान एयरपोर्ट के सुरक्षा और परिचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मानकों की जांच की जा रही है।
ऑडिट के दौरान रनवे और उसके आसपास चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा रनवे पर निर्माण सामग्री फैलने से विमानों की आवाजाही पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव और उससे जुड़े सुरक्षा मानकों का मूल्यांकन किया जा रहा है। टीम हवाई अड्डे की समग्र सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा कर रही है।
तीन दिनों तक चलने वाली इस जांच में एयरपोर्ट के विभिन्न परिचालन क्षेत्रों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा। टीम निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को दर्ज करेगी।
ऑडिट पूरा होने के बाद डीजीसीए की टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन प्रणाली में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।